चंपावत: “हर फरियादी से मधुर व्यवहार करें” सीओ का सख्त संदेश, चंपावत कोतवाली निरीक्षण में दिखी नई सोच।

Share This Post

स्वच्छता, अनुशासन और संवेदनशील पुलिसिंग पर जोर; नशा व साइबर अपराध पर जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश।

चंपावत। स्थानीय कोतवाली के अपने पहले निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक देवेन्द्र सिंह क्रपरवाण ने पुलिस कर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया कि थाने में आने वाला हर फरियादी सम्मान और संतुष्टि के साथ लौटना चाहिए। उन्होंने कहा कि मधुर व्यवहार और विनम्रता ही पुलिस की असली पहचान है यदि फरियादी संतुष्ट होकर जाएगा, तो वही व्यक्ति आगे चलकर पुलिस का सहयोगी बनकर अपराध रोकने में मदद करेगा। निरीक्षण के दौरान सीओ ने सलामी गारद का निरीक्षण किया और कोतवाली परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना परिसर इतना स्वच्छ और सुसज्जित होना चाहिए कि यहां आने वाले व्यक्ति पर सकारात्मक प्रभाव पड़े, क्योंकि यही किसी भी थाने की पहली छवि होती है। सीओ ने अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस विभाग एक संयुक्त परिवार की तरह है, जो अनुशासन और कर्तव्य की डोर से बंधा है। यदि हर कोई अपने उत्तरदायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करेगा, तो न सिर्फ समस्याओं का समाधान होगा बल्कि आपसी समन्वय भी मजबूत होगा। उन्होंने लंबित विवेचनाओं, सीएम हेल्पलाइन के मामलों और अन्य प्रकरणों का शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि आज का काम कल पर न छोड़ें अपनी कार्यशैली ऐसी बनाएं जिससे अलग पहचान स्थापित हो। स्वास्थ्य और कार्यक्षमता पर जोर देते हुए सीओ ने कहा कि योग, प्राणायाम और नशामुक्त जीवन पुलिस कर्मियों को सशक्त बनाता है। उन्होंने पुलिस कर्मियों से कहा कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार देने के साथ उनकी पढ़ाई के लिए अच्छा वातावरण तैयार करें जिससे पुलिस के सिपाही का बेटा या बेटी भी आईपीएस बन सकेंगे। उन्होंने नशा और साइबर अपराध के खिलाफ जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए और कहा कि नशा समाज का दुश्मन है, इससे सख्ती और समझदारी दोनों के साथ निपटना होगा। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला संबंधी अपराधों में त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराधियों में दोबारा अपराध करने का साहस न हो। कोतवाली क्षेत्र के सीएलजी सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि मानीनीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप चंपावत को मॉडल जिला बनाया जा रहा है, ऐसे में सभी मिलकर इसे अपराध मुक्त मॉडल जिला बनाने की दिशा में कार्य करें। यह उत्तराखंड के लिए नया उदाहरण बनेगा।

फोटो –  पुलिस कर्मियों को आधुनिक हथियारों का प्रशिक्षण देते सीओ।


Share This Post