चंपावत: हर-हर महादेव के जयघोष संग कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का शुभारंभ, सीएम धामी ने पहले जत्थे को दिखाई हरी झंडी।

Share This Post

49 श्रद्धालु टनकपुर से हुए रवाना, डमरू बजाकर की सफल यात्रा की कामना; देवभूमि के आत्मीय स्वागत से अभिभूत हुए तीर्थयात्री

टनकपुर (चंपावत)। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के गगनभेदी जयघोष के बीच रविवार को टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शारदा पर्यटक आवास गृह से पहले तीर्थयात्री दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव का डमरू बजाया और भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सफल एवं मंगलमय यात्रा की प्रार्थना की।
पहले जत्थे में 51 श्रद्धालुओं के शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से दो यात्री यात्रा पर नहीं जा सके। इसके चलते 49 श्रद्धालुओं का पहला दल कैलाश मानसरोवर के लिए रवाना हुआ। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे तीर्थयात्रियों का टनकपुर में पारंपरिक लोक संस्कृति के साथ भव्य स्वागत किया गया। मां पूर्णागिरि की पावन धरती पर मिले आत्मीय सत्कार से श्रद्धालु भावुक हो उठे। कई यात्रियों ने कहा कि देवभूमि पहुंचते ही उन्हें अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव हुआ और ऐसा लगा मानो स्वयं भगवान शिव उनका स्वागत कर रहे हों।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि जीवन का दुर्लभ और आध्यात्मिक अनुभव है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का कण-कण भगवान भोलेनाथ की दिव्यता से ओत-प्रोत है और यहां आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति लेकर लौटता है। मुख्यमंत्री ने सभी यात्रियों का शॉल ओढ़ाकर, तिलक लगाकर, रुद्राक्ष की माला एवं भगवान शिव का रक्षा-कवच पट पहनाकर सम्मान किया और उनकी सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

फोटो_ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टनकपुर में कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए।


Share This Post