नैनीताल:  धार्मिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतज़ाम हों- मंडलायुक्त।

Share This Post

नैनीताल (हल्द्वानी)।  कुमाऊं मंडल के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मंडलायुक्त दीपक रावत ने भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मंडलायुक्त ने कहा कि कैंची धाम, मां गर्जिया देवी, जागेश्वर धाम, मां पूर्णागिरी, हाट कालिका, बागनाथ सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के प्रवेश को क्षमता के अनुरूप चरणबद्ध तरीके से नियंत्रित किया जाए। भगदड़ से बचाव के लिए पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे एवं रियल-टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बैरिकेडिंग, पार्किंग प्रबंधन, पैदल मार्गों की सुगमता, दिशा-सूचक बोर्ड, प्राथमिक चिकित्सा एवं मूलभूत सुविधाएं शीघ्र पूर्ण की जाएं। साथ ही यातायात सुधार, पार्किंग विस्तार, सड़क चौड़ीकरण, इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम एवं अन्य दीर्घकालिक प्रस्ताव 15 दिन के भीतर भेजे जाएं।
पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने मेले एवं पर्वों के दौरान आवश्यक संसाधनों की अग्रिम व्यवस्था करने तथा कैंची धाम में भीड़ नियंत्रण के लिए हल्द्वानी से शटल सेवा संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों के धार्मिक स्थलों की तैयारियों की जानकारी दी।

फोटो_ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करते मंडलायुक्त दीपक रावत।


Share This Post