पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ के मुनस्यारी क्षेत्र अंतर्गत पर्यटक स्थल एवं राजमा-आलू उत्पादन के लिए प्रसिद्ध ग्राम बोना की वन पंचायत का सरपंच सेवानिवृत्त पूर्व आयकर आयुक्त खड़क सिंह रावत को चुना गया है। उनके चयन पर मा. मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी श्री केदार सिंह बृजवाल ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
इस अवसर पर बृजवाल ने कहा कि खड़क सिंह रावत का जीवन पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकारों एवं जनहित को समर्पित रहा है। उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के अवसर पर प्रत्येक वर्ष उनके द्वारा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाता रहा है।
पर्यावरण के प्रति उनके विशेष लगाव के परिणामस्वरूप गेल पातल क्षेत्र में सघन वृक्षारोपण अभियान संचालित किया गया, जो वर्तमान में क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है। सेवा काल के दौरान रावत द्वारा जोहार सांस्कृतिक एवं वेलफेयर सोसाइटी, हल्द्वानी का गठन किया गया, जिसके माध्यम से प्रतिवर्ष दुर्गम पर्वतीय गांवों में हजारों पौधों का रोपण कराया जाता रहा है।
इन प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव मल्ला घोरपट्टा (मुनस्यारी) क्षेत्र में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है, जहाँ का वन क्षेत्र घने एवं सुंदर वृक्षों से आच्छादित है। यह पूरा वन क्षेत्र स्थानीय ग्रामीणों द्वारा अपनी इष्ट देवी माँ भगवती कोठगारी को समर्पित किया गया है।
वन पंचायत सरपंच के रूप में श्री खड़क सिंह रावत के चयन से क्षेत्र में वन संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं सतत विकास को नई दिशा मिलने की आशा व्यक्त की गई है।
फोटो_ खड़क सिंह रावत।
पिथौरागढ़: वन संरक्षण को मिलेगी नई दिशा, खड़क सिंह रावत बने वन पंचायत सरपंच।
