

स्वर्ण पदक विजेताओं को ग्रेड पे 4200, रजत-कांस्य विजेताओं को योग्यता के अनुसार 2000 से 2800 ग्रेड पे तक अवसर।
चंपावत। 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतकर उत्तराखंड का मान बढ़ाने वाले 103 खिलाड़ियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने इन खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने का रास्ता साफ कर दिया है। इससे खिलाड़ियों को सम्मान के साथ सुरक्षित रोजगार का अवसर भी मिलेगा।
सरकार के प्रावधान के तहत राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को ग्रेड पे 4200 की सरकारी नौकरी दी जाएगी। वहीं रजत और कांस्य पदक विजेताओं को उनकी योग्यता एवं निर्धारित मानकों के अनुसार ग्रेड पे 2000 से 2800 तक सरकारी सेवा का अवसर मिलेगा।
पदक विजेताओं को पुलिस, शिक्षा, वन, खेल एवं युवा कल्याण समेत विभिन्न विभागों में उनकी योग्यता और निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप नियुक्ति दी जाएगी। सरकार के इस निर्णय को प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
सरकार की इस पहल से प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ने की उम्मीद है। खिलाड़ियों को पदक के साथ रोजगार और सुरक्षित भविष्य का भरोसा मिलने से नई प्रतिभाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया था। अब पदक विजेताओं को सरकारी सेवा का अवसर मिलने से उनका मनोबल बढ़ेगा और प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।




