चंपावत: अब नौकरी की तलाश नहीं, रोजगार सृजन की सोच जगाएगा कौशलम।

Share This Post

डाइट लोहाघाट में 54 शिक्षकों का प्रशिक्षण पूरा, जिले में कक्षा 9 से 12 तक के सभी चरण संपन्न।

लोहाघाट। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर उद्यमशीलता और आत्मनिर्भरता की राह दिखाने की तैयारी है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) लोहाघाट में कक्षा 12 के शिक्षकों का तीन दिवसीय कौशलम प्रशिक्षण शनिवार को संपन्न हो गया। इसके साथ ही जिले में कक्षा 9 से 12 तक के सभी चरणों का प्रशिक्षण पूरा हो गया।

समग्र शिक्षा उत्तराखंड एवं उद्यम लर्निंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित प्रशिक्षण में 54 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, नेतृत्व क्षमता, समस्या समाधान और जोखिम उठाकर नए अवसर तलाशने की समझ विकसित करना रहा।

जिला समन्वयक डॉ. कमल गहतोड़ी ने कहा कि कौशलम कार्यक्रम का लक्ष्य विद्यार्थियों को केवल नौकरी पाने के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उनमें रोजगार के अवसर पैदा करने वाली उद्यमशील मानसिकता विकसित करना है। इससे विद्यार्थी चुनौतियों का समाधान खोजने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

मास्टर ट्रेनर खीम सिंह बोहरा, नीरज जोशी, डॉ. ललित मोहन और देवेंद्र पुनेठा ने गतिविधियों, समूह चर्चाओं और व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। उद्यम लर्निंग फाउंडेशन की जिला समन्वयक नैना ने तकनीकी एवं समन्वय संबंधी सहयोग किया।

समापन पर डाइट प्राचार्य एवं संकाय सदस्यों ने प्रशिक्षित शिक्षकों से विद्यालयों में कौशलम पाठ्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने की अपेक्षा जताई। उम्मीद है कि इस पहल से विद्यार्थियों में नए विचारों को अवसर में बदलने और रोजगार सृजन की क्षमता विकसित होगी।

फोटो_कौशलम प्रशिक्षण के समापन पर शिक्षकों को प्रमाणपत्र वितरित करते अतिथि।


Share This Post