हरिद्वार में ‘ऑपरेशन प्रहार’ की बड़ी सफलता, बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज गिरोह का खुलासा

Share This Post

पासपोर्ट से लेकर आधार-पैन तक मिले फर्जी कागजात, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज

हरिद्वार। जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र से एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। महिला लंबे समय से फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे अपनी पहचान छुपाकर रह रही थी।
पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ने सत्यापन अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर महिला को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बांग्लादेशी पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड के साथ-साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और भारतीय पासपोर्ट जैसे कई फर्जी दस्तावेज बरामद हुए।
पूछताछ में महिला ने अपना असली नाम सहेला बेगम बताया। उसने खुलासा किया कि भारत आने के बाद उसने अपने एक सहयोगी की मदद से ये सभी दस्तावेज तैयार कराए थे, ताकि यहां आसानी से रह सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने वाले छत्तीसगढ़ निवासी एक आरोपी को भी हिरासत में लिया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।

फोटो_ नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी हरिद्वार।


Share This Post