एक अगस्त से शुरू होगा संचालन, 30 हजार से अधिक आबादी को मिलेगा लाभ।
चंपावत। अमोड़ी क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से प्रतीक्षित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में आगामी एक अगस्त से स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। अस्पताल के संचालन के साथ ही क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों की करीब 30 हजार आबादी को स्थानीय स्तर पर ही उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2023 में अमोड़ी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की थी। इसके बाद उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड निर्माण खंड, हल्द्वानी की ओर से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई और शासन से मंजूरी मिलने के बाद भवन निर्माण का कार्य शुरू हुआ। नवंबर 2025 में भवन बनकर तैयार हो गया और बीती 29 जून को मुख्यमंत्री ने इसका लोकार्पण किया था। पीएचसी के शुरू होने से कोट अमोड़ी, लेक अमोड़ी, छतकोट, डोला कांडा, बेलखेत, नौलापानी, झालाकूड़ी, दुधौरी, क्वारसिंह, खटोल, पछनई, वैला, चल्थी, स्वाला और भुम्टा सहित दो दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। इससे मरीजों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय और टनकपुर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि अमोड़ी पीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पीएचसी में आवश्यक उपकरण, दवाइयां, फर्नीचर, बिजली व्यवस्था सहित सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आगामी एक अगस्त से अस्पताल का समयबद्ध तरीके से संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
फोटो_ अमोड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन, जहां एक अगस्त से स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।
चंपावत: अमोड़ी पीएचसी में जल्द शुरू होंगी स्वास्थ्य सेवाएं।
