

लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान, लोकपरंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का किया आह्वान।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को उत्तराखंड के लोकपर्व इगास-बग्वाल और बुढ़ दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भैलो की उमंग और ढोल-दमाऊं की थाप के साथ मनाया जाने वाला इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत का प्रतीक है। यह पर्व पहाड़ की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, लोकआस्था और सामाजिक एकजुटता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोकपरंपराएं हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर हैं। इन्हें सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रदेशवासियों से अपनी लोकसंस्कृति और परंपराओं को पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बदलते दौर में अपनी जड़ों से जुड़े रहना जरूरी है। इगास जैसे लोकपर्व नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, रीति-रिवाजों और पारंपरिक जीवनशैली से परिचित कराने का अवसर भी देते हैं। मुख्यमंत्री ने कामना की कि इगास-बग्वाल और बुढ़ दिवाली का पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई उमंग लेकर आए।
फोटो_ पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री




