पिथौरागढ़ से हल्द्वानी जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में पलटी, सभी यात्री सुरक्षित; नोडल अधिकारी ने तत्काल संभाला राहत कार्य
चंपावत। चंपावत-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज (मंगलवार)को शाम करीब 4:00 बजे स्वाला और अमोड़ी के बीच तुलसी होटल के समीप एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। पिथौरागढ़ से हल्द्वानी जा रही बोलेरो (यूके-05-टीए-0839) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में पलट गई। वाहन में चालक समेत 10 लोग सवार थे। हादसे में सभी यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि सभी सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन में फंसे यात्री किसी तरह बाहर निकले। यात्रियों का कहना था कि वाहन तेज गति से चल रहा था, जबकि चालक ने हादसे की वजह ब्रेक फेल होना बताया।
इसी दौरान चंपावत से टनकपुर की ओर जा रहे मुख्यमंत्री कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया, घायलों को अलग-अलग वाहनों से सुरक्षित रवाना किया और जिला प्रशासन को घटना की सूचना दी। राहत एवं बचाव अभियान में डीआईओ नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी और मुख्यमंत्री कार्यालय के ब्रजेश जोशी ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
सूचना मिलते ही एसडीएम सदर विपिन पंत, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।
फोटो_ अमोड़ी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे पलटी दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो।
चंपावत: राष्ट्रीय राजमार्ग में बड़ा हादसा टला, पलटी बोलेरो; 10 यात्रियों की बची जान!
