चंपावत: अग्निवीर भर्ती में युवाओं का दमखम, दूसरे दिन 800 से अधिक ने लगाई दौड़।

Share This Post

बनबसा सैन्य स्टेशन में नौ बैचों में हुई भर्ती प्रक्रिया, सफल अभ्यर्थी शारीरिक और चिकित्सा परीक्षण के लिए चयनित।

बनबसा/चंपावत। भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का जुनून युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। बनबसा सैन्य स्टेशन में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के दूसरे दिन मंगलवार को पिथौरागढ़ जिले की छह तहसीलों के 800 से अधिक युवाओं ने मैदान में अपनी शारीरिक क्षमता और दमखम दिखाया। सेना में भर्ती होने के सपने के साथ पहुंचे युवाओं ने नौ बैचों में दौड़ लगाई। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के बाद शारीरिक और चिकित्सा परीक्षण की अगली प्रक्रिया के लिए आगे बढ़ाया गया।

भर्ती रैली में शामिल होने के लिए सुबह तड़के से ही युवाओं का बनबसा सैन्य स्टेशन पहुंचना शुरू हो गया था। प्रवेश द्वार पर सेना के जवानों ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत नौ बैचों में दौड़ आयोजित की गई। मैदान में युवाओं ने सेना में शामिल होने के अपने जज्बे और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। सेना के अधिकारियों और जवानों ने पूरी भर्ती
प्रक्रिया को अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।

दूसरे दिन मुनस्यारी, बंगापानी, थल, तेजम, गंगोलीहाट और गणाई गंगोली तहसीलों के अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से आयोजित भर्ती रैली भर्ती निदेशक कर्नल अमोल दाबड़घाव की देखरेख में संचालित हो रही है।

भर्ती रैली के तीसरे दिन बुधवार, 25 नवंबर को पिथौरागढ़ जिले की कनालीछीना, बेरीनाग, धारचूला, डीडीहाट, पांखू और देवलथल तहसीलों के अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। सेना में भर्ती होने की उम्मीद लेकर पहुंच रहे युवाओं के लिए बनबसा का मैदान इन दिनों उनके सपनों और हौसले की परीक्षा का केंद्र बना हुआ है।

फोटो_ अग्निवीर भर्ती रैली में अपनी बारी का इंतजार करते युवा अभ्यर्थी


Share This Post