चंपावत: फार्मर आईडी बनाने में सुस्ती, डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार!

Share This Post

उद्यान विभाग 75.65 प्रतिशत पंजीकरण के साथ अव्वल, रीप की प्रगति सबसे कम।

चंपावत। जिले में किसानों की फार्मर आईडी बनाने की रफ्तार धीमी होने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नाराजगी जताई है। मंगलवार को एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा बैठक में उन्होंने विभागवार प्रगति की जानकारी ली और कम पंजीकरण करने वाले अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसानों का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

समीक्षा के दौरान उद्यान विभाग 75.65 प्रतिशत पंजीकरण के साथ पहले स्थान पर रहा। सहकारिता विभाग ने 74.12, पशुपालन विभाग ने 73.64, ग्राम्य विकास विभाग ने 72.83, पंचायती राज विभाग ने 68.58, कृषि विभाग ने 66.59 और रीप ने 63.64 प्रतिशत प्रगति दर्ज की। जिलाधिकारी ने बेहतर कार्य करने वाले रजिस्ट्रेशन अधिकारियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों की सराहना की। वहीं धीमी प्रगति वाले कार्मिकों को लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र सरकार के डिजिटल कृषि मिशन के तहत तैयार की जा रही फार्मर आईडी किसानों की विशिष्ट डिजिटल पहचान होगी। इसे भूमि अभिलेखों और फसल संबंधी विवरण से जोड़ा जाएगा। इससे किसानों की जमीन और फसलों का सत्यापन आसान होने के साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार ने बताया कि किसान आधार कार्ड, आधार से जुड़े मोबाइल नंबर और खसरा-खतौनी के विवरण के साथ उत्तराखंड फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए कृषि विभाग से भी सहायता ली जा सकती है।

बैठक में सीडीओ अजय सिंह, डीएफओ धिनू पुरुषोत्तम, एसडीएम बीसी पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

फोटो_फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा बैठक लेते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post