

54 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, टनकपुर-बनबसा के जलभराव से लेकर पूर्णागिरि रोपवे तक कई बड़ी परियोजनाओं को मिली गति
लोहाघाट में बनेगा 256 करोड़ का महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत के विकास को नई रफ्तार देने के लिए सोमवार को 165.68 करोड़ रुपये की 54 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि आदर्श चंपावत का लक्ष्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विकास योजनाओं के जरिए गांवों और सीमांत क्षेत्रों तक बदलाव पहुंचाया जाएगा।
टनकपुर और बनबसा में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या अब सरकार की प्राथमिकता में है। दोनों क्षेत्रों के लिए 86.83 करोड़ रुपये की जल निकासी योजना के तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में 7.7 किलोमीटर लंबी नालियों का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा। इससे लंबे समय से जलभराव की परेशानी झेल रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
टनकपुर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए 237.74 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के तहत 107.35 करोड़ रुपये से शारदा घाट का पुनर्विकास किया जा रहा है। मां पूर्णागिरि धाम में 45 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे निर्माण और ककरालीगेट-पूर्णागिरि मार्ग पर किरोड़ा नाले में 48.38 करोड़ रुपये से पुल निर्माण की योजना भी विकास की अहम कड़ी है।
बेटियों को खेलों में आगे बढ़ाने की तैयारी_
लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे पहाड़ की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा 55.53 करोड़ रुपये से साइंस सेंटर और करीब 20 करोड़ रुपये से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है।
बनबसा में करीब 502 करोड़ रुपये की लैंड पोर्ट परियोजना को भी सीमांत क्षेत्र के व्यापार, आवागमन और रोजगार के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया गया।


योजनाओं के लाभार्थियों को किया सम्मानित_
मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं के जरिए आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। इनमें प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, महिला बकरी पालन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि कवच और स्वरोजगार के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले लाभार्थी शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। आदर्श चंपावत का निर्माण आदर्श उत्तराखंड की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
फोटो_चंपावत में विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।






