चंपावत: 4.25 करोड़ से बदलेगी कूर्मांचल संस्कृत विद्यालय की सूरत, जल्द बनेगा नया भवन।

Share This Post

मुख्यमंत्री की घोषणा को मिली मंजूरी, सभागार से पुस्तकालय और खेल मैदान तक मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

चंपावत। वर्षों से बेहतर भवन और सुविधाओं की उम्मीद लगाए बैठे कूर्मांचल एंग्लो संस्कृत विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत विद्यालय के नवनिर्माण के लिए 4.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। धनराशि जल्द अवमुक्त होने की उम्मीद है। इसके बाद विद्यालय को नए भवन के साथ सभागार, पुस्तकालय और खेल मैदान जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।

सोमवार को उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् के उपाध्यक्ष डॉ. नवीन चंद्र पंत ने विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विद्यालय परिसर में पहुंचने पर आचार्यों और विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका स्वागत किया। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद कर विद्यालय की समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।
डॉ. पंत ने कहा कि 4.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति विद्यालय के शैक्षिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि संस्कृत उत्तराखंड की द्वितीय राजभाषा है और इसके संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए सरकार विभिन्न कार्यक्रम चला रही है।

उन्होंने बताया कि संस्कृत संस्थान की ओर से विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं और सम्मेलनों का आयोजन किया जाता है। चार और पांच दिसंबर को हरिद्वार में अखिल भारतीय ज्योतिष सम्मेलन आयोजित होगा। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे तथा समापन राज्यपाल की उपस्थिति में होगा। इसमें देशभर के ज्योतिषाचार्य भाग लेकर विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगे।

इस दौरान उप प्रबंधक उमापति जोशी, पूर्व आचार्य श्याम मुरारी शास्त्री, आचार्य चंद्रशेखर, मोहित जोशी, आचार्या हेमा जोशी सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।

फोटो_विद्यालय के विद्यार्थियों और आचार्यों के साथ संवाद करते डॉ. नवीन चंद्र पंत।


Share This Post