चंपावत: “आराम हराम” के मंत्र पर काम कर रहे डीएम मनीष कुमार, छुट्टी के दिन भी सड़कों पर उतरे समाधान की तलाश में।

Share This Post

15 घंटे जनता को समर्पित दिनचर्या, लोहाघाट की पार्किंग समस्या के स्थायी हल के लिए खुद किया जमीनी निरीक्षण और संवाद।

लोहाघाट। जनपद चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार अपनी कार्यशैली से अलग पहचान बना रहे हैं। “आराम हराम है” के मंत्र को अपनाते हुए वे रोजाना करीब 15 घंटे आम जनता की समस्याओं के समाधान में जुटे रहते हैं। हालात यह हैं कि उनके लिए 24 घंटे का दिन भी छोटा पड़ता नजर आता है।
जहां अधिकांश अधिकारी अवकाश के दिन परिवार के साथ समय बिताते हैं, वहीं डीएम मनीष कुमार पहले से ही तय कर लेते हैं कि छुट्टी के दिन किस गांव में जाकर जनता की समस्याओं को सुना और सुलझाया जाए। नियमित जनसंवाद और कार्यक्रमों के जरिए उन्हें जिले के दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं की गहरी समझ हो चुकी है।
इसी कड़ी में उन्होंने लोहाघाट नगर में बढ़ती जा रही पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया और टैक्सी संचालकों से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने टैक्सी स्टैंड पहुंचकर चालकों से उनकी समस्याएं जानीं और सुझाव लिए। जिलाधिकारी का मानना है कि किसी भी समस्या का समाधान केवल अस्थायी उपायों से नहीं, बल्कि स्थायी और व्यवहारिक समाधान से ही संभव है। उन्होंने कहा कि टैक्सी संचालक जहां अपना रोजगार चलाते हैं, वहीं वे जनसेवा का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए नगर में एक सुव्यवस्थित और आकर्षक टैक्सी स्टैंड विकसित किया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ जल्द बैठक आयोजित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों से भी आत्मीय संवाद किया। किताबें लेकर जा रहे छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और लगन से हर कोई ऊंचाइयों को छू सकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि एक टैक्सी चालक का बेटा भी अपनी मेहनत से बड़ी उपलब्धि हासिल कर चुका है, इसलिए सभी बच्चों को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित रहना चाहिए।
जिलाधिकारी की यही जमीनी कार्यशैली और आमजन से सीधा संवाद उन्हें एक अलग पहचान दिला रहा है। उनके कार्यों की सराहना स्वयं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कई मंचों से कर चुके हैं।



फोटो –  लोहाघाट में पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post