टनकपुर/चंपावत। मॉडल जिले चंपावत में एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन ने विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित कर जिले का नाम रोशन किया है। उच्च कुशल प्रबंधन, बेहतर प्रशासनिक नियंत्रण, सुनियोजित रखरखाव और तकनीकी कर्मियों के बीच प्रभावी समन्वय का परिणाम रहा कि पावर स्टेशन ने 23 जुलाई को अपने पिछले विद्युत उत्पादन रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया।
पावर स्टेशन के प्रबंधक ऋषि रंजन आर्य ने फरवरी 2025 को कार्यभार ग्रहण किया था। एनएचपीसी में अपनी विशिष्ट कार्यशैली के लिए पहचान बनाने वाले आर्य के नेतृत्व में पावर स्टेशन ने कम समय में ही विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की। उनके निरंतर प्रयासों और अधिकारियों-कर्मचारियों के सामूहिक समर्पण का परिणाम रहा कि 23 जुलाई को पावर स्टेशन ने 2,565 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित किया। इसके साथ ही पावर स्टेशन ने अपने पिछले सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
इस उपलब्धि पर प्रबंधक ऋषि रंजन आर्य ने पावर स्टेशन के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास, कड़ी मेहनत और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पावर स्टेशन की इस सफलता में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का महत्वपूर्ण योगदान है।
विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में हासिल इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा और जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पावर स्टेशन के प्रबंधक ऋषि रंजन आर्य सहित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि निरंतर परिश्रम, कुशल प्रबंधन और पूरी टीम की लगन का प्रतिफल है। टनकपुर पावर स्टेशन की इस उपलब्धि से चम्पावत के मॉडल जिले के रूप में विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है।
फोटो_ विद्युत उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित करने वाले एनएचपीसी टनकपुर पावर स्टेशन के प्रबंधक ऋषि रंजन आर्य।
चंपावत: एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन ने रचा नया कीर्तिमान, बिजली उत्पादन में टूटे पुराने सभी रिकॉर्ड।
