डीएम मनीष कुमार की पहल पर वन विभाग के साथ 36वीं वाहिनी ने शुरू किया पौधारोपण अभियान
लोहाघाट। प्रसिद्ध शिवधाम मानेश्वर की पहाड़ियों को हरा-भरा और वनाच्छादित बनाने के लिए वन विभाग और आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी ने पौधारोपण अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार की पहल पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मानेश्वर स्थित पूर्णागिरि मंदिर परिसर समेत आसपास के जलागम क्षेत्रों में पौधारोपण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मानेश्वर एक पवित्र शिवधाम होने के साथ ही धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण स्थल है। जिला प्रशासन मानेश्वर धाम के विकास और यहां धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं तैयार कर रहा है। मानेश्वर को तीर्थयात्रियों के प्रमुख पड़ाव के रूप में विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों का ध्यान इस पवित्र धाम की ओर आकर्षित हो सके।
पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में आईटीबीपी के योगदान के लिए मानेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज ने 36वीं वाहिनी पहुंचकर कमांडेंट संजय कुमार समेत अधिकारियों और हिमवीरों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी को भगवान शिव का पटका ओढ़ाया और श्रीमद्भगवद्गीता की पुस्तक भेंट की।

पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज ने कहा कि कमांडेंट संजय कुमार के नेतृत्व में आईटीबीपी के हिमवीर जलागम क्षेत्रों में लगातार पौधारोपण कर जल एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ जल और शुद्ध पर्यावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने हिमवीरों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि भगवान शिव उनकी रक्षा करें और उनके जीवन को सुख-समृद्धि से आलोकित करें।
उन्होंने जवानों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कहा कि स्वस्थ जवान ही देश की सुरक्षा पूरी क्षमता के साथ कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने हिमवीरों से प्रकृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने की अपील की।
इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी सुबे सिंह, उप सेनानी मुकेश कुमार, एसी अनिल कुमार, एसी डॉ. शुभम मोहनपुरिया, एसी दीप सैनी, एसी अंकुर कुमार, एसी अक्षय गणपति, एसएम दिनेश सिंह बिष्ट समेत आईटीबीपी के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
फोटो_आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी के कमांडेंट संजय कुमार और हिमवीरों को भगवान शिव का पटका ओढ़ाकर सम्मानित करते मानेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज।
