चंपावत: एनएचपीसी बनबसा में निशुल्क चिकित्सा शिविर 56 मरीजों को मिला राहत का संबल।

Share This Post

अपोलो अस्पताल दिल्ली के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं, दूरस्थ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने की पहल सराहनीय।


टनकपुर/चंपावत। एनएचपीसी बनबसा स्थित पावर स्टेशन परिसर में आयोजित एकदिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर में आज विभिन्न रोगों के 56 मरीजों का मुफ्त उपचार किया गया। शिविर का शुभारंभ पावर स्टेशन के प्रमुख ऋषि रंजन आर्य द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने दिल्ली के अपोलो अस्पताल से आए विशेषज्ञ डॉक्टर अभिषेक और उनकी टीम का स्वागत करते हुए कहा कि पावर स्टेशन की स्थापना के बाद से ही कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (CSR) के तहत चिकित्सा, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्रों में निरंतर सेवा कार्य किए जा रहे हैं। आसपास के गांवों में भी शिविर लगाकर जरूरतमंदों को राहत पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि एनएचपीसी की टीम “नर सेवा ही नारायण सेवा” के भाव के साथ मानव सेवा के लिए समर्पित है।
शिविर में डॉक्टर अभिषेक ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों में सेवा देना उन्हें विशेष संतोष देता है। उन्होंने पेट संबंधी रोगों के कारणों जैसे अनियमित दिनचर्या, खराब खानपान और पाचन संबंधी समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए इनके बचाव के उपाय भी बताए। इस दौरान डॉक्टर देवेंद्र शर्मा, सीआईएसएफ के सहायक सेनानी राजेश, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य राजेश बत्स तथा वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा) रत्नाकर पांडे सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर का लाभ स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ एनएचपीसी परिवार के कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने भी उठाया।

फोटो – एनएचपीसी बनबसा परिसर में आयोजित निशुल्क चिकित्सा शिविर का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करते पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य।


Share This Post