चंपावत:  ऑपरेशन प्रहार-  नशे के सौदागरों पर चंपावत पुलिस का बड़ा वार, 43 इंजेक्शनों संग तस्कर गिरफ्तार।

Share This Post

चंपावत। 1 जून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड’ संकल्प को जमीन पर उतारने के लिए चंपावत पुलिस लगातार आक्रामक अभियान चला रही है। इसी कड़ी में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसओजी और बनबसा पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ा वार करते हुए 43 प्रतिबंधित इंजेक्शनों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के सख्त निर्देशों पर जनपदभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेनवाल के पर्यवेक्षण और एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में गठित टीम रेलवे स्टेशन रोड, बनबसा में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि सिंह भाट (32 वर्ष) निवासी महेन्द्रनगर, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 23 बुप्रेनॉर्फिन हाइड्रोक्लोराइड और 20 प्रोमेथाजीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन बरामद किए हैं। बरामद इंजेक्शनों की कुल संख्या 43 बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त एक डिस्कवर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीले इंजेक्शनों की खेप कहां से लाई गई थी और इन्हें किस नेटवर्क के माध्यम से युवाओं तक पहुंचाया जाना था।
चंपावत पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।


फोटो_ ऑपरेशन प्रहार के तहत बनबसा में 43 प्रतिबंधित इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार आरोपी तथा बरामद सामग्री के साथ पुलिस टीम।


Share This Post