चंपावत: किसान दिवस में उठे किसानों के मुद्दे, अधिकारियों ने दिया त्वरित समाधान का भरोसा।

Share This Post

पाटी/चंपावत। विकासखंड सभागार में गुरुवार को विकासखंड स्तरीय किसान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक किसानों ने प्रतिभाग कर कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का भरोसा दिलाया।
राज्य सरकार के निर्देश पर प्रत्येक माह के दूसरे बृहस्पतिवार को आयोजित किसान दिवस में लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी मुख्य अतिथि रहे।

नोडल अधिकारी एवं मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार ने कृषि विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी। कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, रेशम और बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विभागीय योजनाओं, अनुदान और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। किसानों ने योजनाओं के क्रियान्वयन, कृषि और इससे जुड़ी गतिविधियों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।

विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की समस्याओं का समाधान और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने की अपील की।
किसान दिवस के समापन पर किसानों और अन्य प्रतिभागियों को तिरंगा वितरित किया गया। इसके बाद अधिकारियों और किसानों ने संयुक्त रूप से तिरंगा रैली निकाली। रैली के दौरान विकासखंड परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी मोनिका पाल, विकासखंड प्रभारी कृषि राणा सिंह राणा, सहायक कृषि अधिकारी नरेंद्र सिंह, गोविंद सिंह, प्रताप ढाली समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और किसान मौजूद रहे।


Share This Post