चंपावत के दो गुरुओं का जलवा: ‘शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार’ में शानदार चयन, डीएम ने किया सम्मानित।

Share This Post

नवाचार और समर्पण की मिसाल नवीन पंत ने गणित को बनाया आसान, जहीर अब्बास ने दुर्गम क्षेत्र में रचा सफलता का इतिहास।


चंपावत। जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो प्रतिभाशाली शिक्षकों को प्रतिष्ठित ‘शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार’ हेतु चयनित होने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उन्हें सम्मानित कर गौरवान्वित किया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पल्सो के शिक्षक नवीन चंद्र पंत ने माध्यमिक शिक्षा श्रेणी में राज्य स्तर पर पांचवां स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। वहीं, राजकीय प्राथमिक विद्यालय चौड़ाकोट के सहायक अध्यापक जहीर अब्बास ने प्रारंभिक शिक्षा श्रेणी में आठवां स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। जिलाधिकारी ने नवीन चंद्र पंत की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने गणित जैसे कठिन विषय को सरल, सहज और रोचक बनाकर विद्यार्थियों के परिणामों में उल्लेखनीय सुधार किया है। विशेषकर बोर्ड परीक्षाओं में उनका योगदान प्रेरणादायक रहा है।
वहीं, जहीर अब्बास के कार्यों को सराहते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पुलिस सेवा छोड़कर शिक्षा के क्षेत्र में समाज निर्माण का मार्ग चुनना अत्यंत प्रेरक है। दुर्गम क्षेत्रों में रहकर विद्यार्थियों को ‘मैथ विजार्ड’ और ‘जवाहर नवोदय विद्यालय’ जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाना उनके समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि शिक्षक नवाचार और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कार्य करें, तो वे शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन शिक्षकों की उपलब्धि से जिले में शिक्षा का माहौल और अधिक सशक्त होगा तथा अन्य शिक्षक भी प्रेरित होंगे। इस दौरान प्र. मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी भारत जोशी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


फोटो – जिलाधिकारी मनीष कुमार चंपावत में ‘शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार’ हेतु चयनित शिक्षकों नवीन चंद्र पंत और जहीर अब्बास को सम्मानित करते हुए।


Share This Post