चंपावत के शिक्षक नवीन पंत को मिला शैलेश मटियानी सम्मान।

Share This Post

चंपावत। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना पैदा करने के लिए लगातार किए जा रहे प्रयास आखिरकार राज्य स्तर पर पहचान बन गए। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पल्सों के सहायक अध्यापक एवं जिला विज्ञान समन्वयक नवीन चंद्र पंत को विज्ञान लोकप्रियकरण, जनजागरूकता और गणित के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
शिक्षक दिवस पर देहरादून में आयोजित सम्मान समारोह में राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने नवीन पंत को पुरस्कार प्रदान किया।
नवीन पंत ने जिले में विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय विद्यार्थियों को प्रयोग, गतिविधियों और नवाचार से जोड़ने का लगातार प्रयास किया। उन्होंने विज्ञान प्रदर्शनियों, विज्ञान क्विज, इंस्पायर अवार्ड, राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग, वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रमों और विभिन्न नवाचार आधारित गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई।
उनके मार्गदर्शन में चंपावत जिले के विद्यार्थी हर वर्ष विभिन्न प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रहे हैं। पिछले वर्ष जिले के विद्यार्थियों ने भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव में भी प्रतिभाग किया था। इससे विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

एक शिक्षक का सम्मान, पूरे जिले का गौरव_

मुख्य शिक्षा अधिकारी मानसिंह ने नवीन चंद्र पंत को पुरस्कार मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके व्यक्तिगत प्रयासों की पहचान के साथ ही पूरे जनपद चंपावत के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षक विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित करने के साथ अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।

नवीन चंद्र पंत ने पुरस्कार का श्रेय अपने विद्यार्थियों, सहकर्मियों और शिक्षा विभाग के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा पैदा करना और उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ सोचने के लिए प्रेरित करना ही उनके प्रयासों का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में विज्ञान लोकप्रियकरण के क्षेत्र में और अधिक उत्साह व समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
नवीन पंत को शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी भारत जोशी, प्रधानाचार्य राधेश्याम खर्कवाल, उमेद बिष्ट, अजय रावत, विज्ञान समन्वयक नरेश जोशी, जीवन सोराड़ी, नवीन पांडेय, नवीन बिष्ट और भुवन जोशी सहित अन्य लोगों ने बधाई दी।


फोटो_राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार प्राप्त करते शिक्षक नवीन चंद्र पंत।


Share This Post