चंपावत: घास काटने गई महिला की पहाड़ी से गिरकर मौत, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया।

Share This Post

मटियानी में दर्दनाक हादसे से पसरा मातम, बंदरों से बचने के प्रयास में गिरने की आशंका।

लोहाघाट। नेपाल सीमा से लगे मटियानी गांव में बुधवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय सावित्री देवी की मौत हो गई। जंगल में घास काटने गई सावित्री देवी पहाड़ी से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे से परिवार में कोहराम मचा है।

सावित्री देवी, पत्नी केशव सिंह, सुबह घास काटने जंगल गई थीं। बताया जा रहा है कि घटनास्थल के ऊपर बंदर मौजूद थे। उनसे बचने के प्रयास में महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह पहाड़ी से नीचे गिर गईं। ऊपर से पत्थर गिरने की बात भी सामने आई है। हालांकि, हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी ने जिलाधिकारी मनीष कुमार को दी। उस समय जिलाधिकारी देहरादून में चुनाव आयोग की बैठक में शामिल होने गए थे। उन्होंने वहीं से तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर लोहाघाट में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बाद में शव को घर पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

तहसीलदार मोइन मलिक ने बताया कि पीड़ित परिवार को शासन की ओर से देय आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पत्रावली तैयार की जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी भी पीड़ित परिवार की मदद में जुटे रहे।
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

सावित्री देवी अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई हैं। मां की असमय मौत से बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम है।

फोटो_ मटियानी में मृतका सावित्री देवी के बच्चों को सांत्वना देते ग्रामीण।


Share This Post