

ऑपरेशन प्रहार में चंपावत पुलिस का शिकंजा, 114 ग्राम हेरोइन बरामद; तस्करी के नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने में जुटी पुलिस।
चंपावत। कुरियर के काम की आड़ में नशे की तस्करी का मामला सामने आया है। चंपावत पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत टनकपुर में 114 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ बरेली निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसे यह खेप टनकपुर में एक व्यक्ति तक पहुंचानी थी। पुलिस अब कथित तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को SOG चंपावत और टनकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन के निकट बिचई–मनिहारगोठ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान इस्लाम अंसारी निवासी बारादरी, बरेली को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से 114 ग्राम स्मैक, एक ओप्पो मोबाइल फोन और 250 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मीरगंज, बरेली निवासी दानिश अली और उसकी पत्नी निशि खान ने उसे स्मैक टनकपुर में एक व्यक्ति को पहुंचाने के लिए दी थी। आरोपी के मुताबिक, उक्त दंपति कुरियर सेवा का काम करता है और वह उनके कुरियर से संबंधित सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाता है। हालांकि, इस मामले में कुरियर सेवा की आड़ में तस्करी होने की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।
टनकपुर में किसे सौंपी जानी थी खेप? पुलिस इस सवाल का जवाब तलाश रही है। कथित सप्लाई नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी रेखा यादव के निर्देशन और सीओ टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत, SOG प्रभारी कमलेश भट्ट समेत पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस की अपील- नशे से संबंधित सूचना MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
फोटो_35 लाख की स्मैक के साथ पकड़ा गया आरोपी।




