आज होगा ऐतिहासिक लाइन संयोजन कार्य, 7 घंटे बंद रहेगी बिजली; जल्द शुरू होगी नई हाईटेक विद्युत आपूर्ति व्यवस्था।
चंपावत। जनपद के लिए विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। विकासखंड लोहाघाट के ग्राम डैसली में नवनिर्मित 132 केवी विद्युत उपसंस्थान को ऊर्जीकृत करने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। मंगलवार 12 मई 2026 को 33 केवी लोहाघाट–चम्पावत विद्युत लाइन को डैसली उपसंस्थान से जोड़ने का महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य किया जाएगा।
विद्युत विभाग के अनुसार यह कार्य प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक चलेगा। इस दौरान सुरक्षा कारणों से जनपद चम्पावत के चारों विकासखंडों में विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। विभाग ने बताया कि कार्य पूर्ण होते ही डैसली स्थित 132 केवी उपसंस्थान को शीघ्र ऊर्जीकृत कर दिया जाएगा।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद चंपावत के संपूर्ण पर्वतीय क्षेत्र को इसी आधुनिक उपसंस्थान से विद्युत आपूर्ति दी जाएगी, जिससे लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और तकनीकी बाधाओं जैसी समस्याओं में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही विद्युत आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक मजबूत, भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण हो जाएगी।
विद्युत विभाग ने आमजन से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि कुछ घंटों की असुविधा भविष्य में बेहतर और निर्बाध बिजली व्यवस्था की मजबूत नींव साबित होगी। विभागीय अधिकारियों ने इसे चम्पावत के ऊर्जा ढांचे को नई मजबूती देने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है।
फोटो ग्राम डैसली में तैयार 132 केवी विद्युत उपसंस्थान, जिससे जल्द पूरे पर्वतीय चंपावत क्षेत्र को मिलेगी सुदृढ़ एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति।
चंपावत को मिली बड़ी बिजली सौगात, डैसली 132 केवी उपसंस्थान से बदलेगी पूरे पर्वतीय क्षेत्र की तस्वीर।

