

चिराग फर्त्याल और निर्मला गहतोड़ी ने सीमांत क्षेत्रों में सुनीं समस्याएं, गौरा महोत्सव में शामिल होकर साधा ग्रामीणों से सीधा संवाद।
चंपावत। सीमांत गांवों में जनता से सीधा जुड़ाव बढ़ाने के लिए कांग्रेस ने जनसंपर्क तेज कर दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल और पूर्व दर्जा राज्यमंत्री निर्मला गहतोड़ी ने चंपावत विधानसभा क्षेत्र के मंच, तामली, नाग, पोलप, बिरमोला, कारी और सीमियांऊरी समेत विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
नेताओं ने ग्रामीणों से क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को केवल सुनने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन्हें मजबूती से उठाकर समाधान के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं होने दिया जाएगा।
जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विभिन्न गांवों में आयोजित गौरा महोत्सव में भी भागीदारी की। पर्व के बहाने नेताओं ने ग्रामीणों से संवाद किया और पहाड़ की लोकसंस्कृति व परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।
राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस के इस दौरे को ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन की पकड़ मजबूत करने और जनता के बीच लगातार मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
फोटो_चंपावत विधानसभा क्षेत्र के सीमांत गांवों में ग्रामीणों से संवाद करते कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल और पूर्व दर्जा राज्यमंत्री निर्मला गहतोड़ी।




