चंपावत: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, केंद्र सरकार के खिलाफ गरजे कार्यकर्ता।

Share This Post

चंपावत। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर चंपावत में कांग्रेस का गुस्सा सड़क पर उतर आया। बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों के आंदोलन को समर्थन देते हुए सरकार से उनकी मांगों पर तत्काल गंभीरता से विचार करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है। छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की आवाज दबाने के बजाय उनके साथ संवाद कर समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए।
उन्होंने कहा युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को राजनीतिक चश्मे से नहीं, बल्कि देश के भविष्य से जोड़कर देखा जाना चाहिए। यदि युवाओं की जायज मांगों को नजरअंदाज किया गया तो इसका सीधा असर देश की दिशा और दशा पर पड़ेगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले छात्रों के साथ बल प्रयोग के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर सकारात्मक पहल करने और भविष्य में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग से बचने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।

फोटो_मोटर स्टेशन में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।


Share This Post