चंपावत: छुट्टी में भी ड्यूटी पर डीएम मनीष कुमार: ओलावृष्टि के बाद राहत कार्यों पर सख्त नजर।

Share This Post

भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत एक्शन, नालियां खुलवाने से लेकर सड़कों और पेयजल व्यवस्था बहाल करने के निर्देश।

चंपावत। आमतौर पर अधिकारी छुट्टी के दौरान काम से दूरी बना लेते हैं, लेकिन चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार इस सोच से अलग नजर आ रहे हैं। अवकाश पर अपने घर जाने के बावजूद उनका ध्यान लगातार जिले और यहां के लोगों पर बना हुआ है।
हाल ही में हुई भारी ओलावृष्टि और बारिश से जिले में कई सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए और लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। ऐसे में जिलाधिकारी लगातार अधिकारियों से संपर्क में रहते हुए हालात की जानकारी ले रहे हैं और राहत कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दे रहे हैं।
उनके निर्देशों के क्रम में लोहाघाट नगर पालिका ने शहर की बंद पड़ी नालियों को खोलने का अभियान शुरू कर दिया है। नालियों के जाम होने से बारिश का पानी घरों में घुस रहा था और सड़कों पर मलबा जमा हो गया था, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा था।
जिलाधिकारी ने जिले के स्वाला डेंजर जोन पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि किसी भी स्थिति में राजमार्ग और ग्रामीण संपर्क मार्ग बाधित नहीं होने चाहिए। साथ ही जहां पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उन्हें जल्द से जल्द ठीक करने के आदेश दिए गए हैं ताकि लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े। जहां अधिक नुकसान हुआ है, वहां पानी की आपूर्ति बनाए रखने के लिए टैंकरों से जल वितरण करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिलाधिकारी के इस सक्रिय और संवेदनशील रवैये की जिलेभर में सराहना हो रही है।

फोटो – जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post