

चंपावत में 22 जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री, आपदा उपकरणों की खरीद को भी मंजूरी।
चंपावत। भारतीय रेडक्रॉस समिति चंपावत की चेयरमैन मैनेजिंग कमेटी की बैठक में जनसेवा और आपदा राहत से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में समिति के चेयरमैन राजेन्द्र गहतोड़ी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सहायता देने से लेकर दूरस्थ क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने और आपदा से निपटने के लिए जरूरी उपकरण जुटाने पर चर्चा हुई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान जरूरतमंद लोगों को उपचार संबंधी सहायता उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। जिला प्रशासन के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के आधार पर ऐसे लाभार्थियों को उपचार के लिए चिकित्सालय तक आने-जाने में आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया। आपदा के दौरान तत्काल राहत पहुंचाने के लिए फोल्डिंग स्ट्रेचर, रस्सी, टेंट, मैट, फर्स्ट एड किट, तिकोनी पट्टी और सीपीआर डमी समेत आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने का फैसला लिया गया। इसके लिए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के माध्यम से सामग्री की मांग भेजी जाएगी। आपदा कार्यालय से उपलब्ध नहीं होने वाली सामग्री रेडक्रॉस समिति अपने स्तर से खरीदेगी।
बैठक में दूरस्थ क्षेत्रों के असहाय, निर्बल, असंगठित क्षेत्र के मजदूरों, दिव्यांग, विधवा, तालाबकुला और आपदा प्रभावित परिवारों समेत अन्य जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के कार्य की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिला प्रशासन के सहयोग से करीब 22 जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री वितरित की जा चुकी है।
बैठक में समिति के सचिव पद को लेकर भी निर्णय लिया गया। विभागीय कार्यों की अधिकता के कारण वर्तमान सचिव डॉ. बलवीर सिंह द्वारा समिति के कार्यों के लिए पर्याप्त समय न दे पाने की स्थिति को देखते हुए जनार्दन चिलकोटी को भारतीय रेडक्रॉस समिति चंपावत का सचिव बनाए जाने को अनुमोदन दिया गया।
इसके अलावा डी.डी.आर.सी. कर्मचारियों के लंबित मानदेय के भुगतान पर भी चर्चा हुई। उपलब्ध धनराशि से भुगतान किए जाने पर सहमति बनी। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में डीएमटी की बैठक के बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवश्यक धनराशि का आवंटन किया जाएगा।
बैठक में रेडक्रॉस के कार्यालयीन कार्यों के लिए आवश्यक स्टेशनरी उपलब्ध कराने को भी मंजूरी दी गई। समिति ने दूरस्थ और जरूरतमंद क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सहायता, राहत सामग्री और आपदा के समय जरूरी संसाधन पहुंचाने के कार्य को लगातार मजबूत करने पर जोर दिया।
फोटो_जनसेवा और राहत कार्यों को लेकर मंथन करते रेडक्रॉस समिति के पदाधिकारी।





