संस्कृत के रण में उतरेंगे चंपावत के होनहार, 23-24 सितंबर को होगा प्रतिभा का मुकाबला।

Share This Post

चंपावत। संस्कृत के श्लोकों से लेकर मंचीय प्रस्तुतियों तक, चंपावत में दो दिन विद्यार्थियों की प्रतिभा का जोरदार मुकाबला होगा। उत्तराखंड संस्कृत अकादमी हरिद्वार की ओर से 23 और 24 सितंबर को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में खंड स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता में कक्षा छह से 10वीं तक कनिष्ठ और कक्षा 11 से स्नातकोत्तर तक वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। संस्कृत नाटक, समूह गान, समूह नृत्य, वाद-विवाद, आशु भाषण और श्लोक उच्चारण में विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

खास बात यह है कि प्रतियोगिता का दायरा केवल संस्कृत विद्यालयों तक सीमित नहीं है। राजकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ संस्कृत विद्यालय एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी भी इसमें हिस्सा ले सकेंगे। यानी संस्कृत के मंच पर अलग-अलग शिक्षण संस्थानों के प्रतिभागियों के बीच सीधा मुकाबला होगा।
खंड स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

दो दिवसीय प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से शुरू होगी। आयोजन को लेकर विद्यालयों में तैयारियां तेज हो गई हैं और संस्कृत प्रतिभाओं को मंच पर उतरने का इंतजार है।


Share This Post