

मुख्यमंत्री धामी की घोषणा पर शासन की मुहर, ग्रामीण बस्तियों तक सड़क सुविधा पहुंचाने की तैयारी तेज
चंपावत। टनकपुर-बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत शासन ने 59 आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए 9 करोड़ 94 लाख 17 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इससे क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों और आवासीय बस्तियों में सड़क सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है।
स्वीकृत कार्यों में गुदमी, देवीपुरा, पंचपकरिया, बमनपुरी, भजनपुर, चंदनी, छिनीगोठ, मोहनपुर, बस्तिया, बनबसा, मनिहारगोठ, ज्ञानखेड़ा, नायकगोठ, टनकपुर और आमबाग समेत विभिन्न क्षेत्रों के आंतरिक संपर्क मार्ग शामिल हैं। इन मार्गों के तहत मुख्य सड़कों से आवासीय बस्तियों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों तक इंटरलॉकिंग मार्गों का निर्माण किया जाएगा।
योजना के तहत गुदमी में पांच आंतरिक मार्ग बनाए जाएंगे। वहीं, देवीपुरा में एसएसबी कैंप और कैनाल रोड से जुड़े संपर्क मार्गों के साथ पंचपकरिया, बमनपुरी, भजनपुर और अन्य क्षेत्रों में भी विभिन्न आंतरिक मार्गों का निर्माण प्रस्तावित है। इससे ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और रोजमर्रा के आवागमन की दिक्कतें कम होने की उम्मीद है।
सड़क सुविधाओं के विस्तार से स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी। बरसात के दौरान आवागमन में होने वाली परेशानियों को कम करने के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि और स्थानीय व्यापार तक पहुंच बेहतर बनाने में भी इन मार्गों की अहम भूमिका रहेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। टनकपुर-बनबसा में 59 आंतरिक मार्गों के लिए बजट स्वीकृत होना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर स्वीकृत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
अब क्षेत्रवासियों को इन मार्गों के निर्माण कार्य शुरू होने और निर्धारित समय में पूरा होने का इंतजार रहेगा। बजट स्वीकृति के बाद निर्माण की गति और गुणवत्ता यह तय करेगी कि ग्रामीणों को सड़क सुविधा का लाभ कितनी जल्दी मिल पाता है।
फोटो_मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।




