

एक घंटे तक सड़क पर रेंगते रहे वाहन, करवाचौथ की खरीदारी करने निकली महिलाएं हलकान; जाम खुलवाने में पुलिस के छूटे पसीने!
चंपावत। त्यौहार से पहले बाजार में उमड़ी भीड़ के बीच चंपावत की यातायात व्यवस्था की पोल खुल गई। भैरवा तिराहे से नीचे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं तो ललुआपानी मार्ग और मुख्य बाजार में भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा। करीब एक घंटे तक वाहन फंसे रहे और लोग सड़कों पर हलकान होते रहे। स्थिति संभालने में पुलिस के भी पसीने छूट गए, लेकिन आम जनता को जाम से राहत पाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, भैरवा तिराहे के पास केएमओयू की एक गाड़ी के कारण जाम लगा। आरोप है कि चालक वाहन सड़क पर खड़ा कर खाना खाने चला गया। इसके बाद सड़क पर वाहनों की कतारें बढ़ती चली गईं। एक वाहन के सड़क पर खड़े रहने से यातायात बाधित हुआ और इसका खामियाजा बच्चों, महिलाओं, कर्मचारियों तथा अन्य राहगीरों को भुगतना पड़ा।
करवाचौथ के चलते बाजार में खरीदारी करने पहुंची महिलाओं को भी जाम के कारण परेशानी उठानी पड़ी। जरूरी सामान खरीदने निकली महिलाएं रास्ते में फंसी रहीं। ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे बच्चे और कार्यालयों से घर जाने वाले कर्मचारी भी जाम में परेशान होते रहे। त्योहार की तैयारियों के बीच लोगों का कीमती समय सड़कों पर बर्बाद होता रहा।
एक वाहन ने रोकी शहर की रफ्तार_
भैरवा तिराहे से नीचे तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। दूसरी ओर ललुआपानी मार्ग और मुख्य बाजार में भी यातायात प्रभावित हुआ। सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई। यातायात खुलवाने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
सड़क पर मनमानी, परेशानी जनता के हिस्से_
स्थानीय लोगों ने प्रमुख तिराहों और बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, पुलिस की तैनाती बढ़ाने और सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। त्योहार के दौरान लोगों को जाम से राहत दिलाना पुलिस और प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।
फोटो_भैरवा तिराहे पर जाम में फंसे वाहन, एक गाड़ी की लापरवाही से घंटेभर हलकान रही जनता।



