

लाइव कंसर्ट का वीडियो वायरल, मिक्स आवाज पर बिगड़ा मंत्री का मिजाज; बोले—‘तुम बोल तो पा नहीं रहे, गाना क्या गाओगे’।
देहरादून। टिहरी गढ़वाल जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित प्रसिद्ध कुंजापुरी मेले में पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। लाइव कंसर्ट के बीच मंत्री ने मंच से ही गायक को खरी-खरी सुना दी। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, कुंजापुरी मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बैकग्राउंड में मिक्स आवाज को लेकर मंत्री सुबोध उनियाल नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने मंच पर ही दलेर मेहंदी को टोकते हुए कहा, “तुम बोल तो पा नहीं रहे, गाना क्या गाओगे।” मंत्री की इस तल्ख टिप्पणी ने कार्यक्रम के माहौल को गरमा दिया।

कार्यक्रम के दौरान हुई इस नोकझोंक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में मंत्री की नाराजगी और गायक को संबोधित करते हुए उनकी टिप्पणी चर्चा का केंद्र बनी हुई है। कुंजापुरी मेले जैसे प्रसिद्ध आयोजन में मंच पर हुई इस घटना को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
वहीं, कुछ लोगों की ओर से गायक के शराब के नशे में होने की बात भी कही जा रही है, लेकिन इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में हुई इस घटना ने आयोजन की सुर्खियों को संगीत से हटाकर मंच पर हुए विवाद की ओर मोड़ दिया है। वायरल वीडियो के बाद मंत्री सुबोध उनियाल और दलेर मेहंदी के बीच हुई यह नोकझोंक चर्चा का विषय बनी हुई है।
फोटो/क्लिप_दलेर मेहंदी पर भड़के मंत्री सुबोध उनियाल, वीडियो वायरल



