

नशामुक्ति सद्भावना दौड़ को दिखाई हरी झंडी।

चंपावत/बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बनबसा के पाटनी तिराहे पर 11 फीट ऊंची भगवान हनुमान की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने पाटनी तिराहे का नाम बदलकर ‘हनुमान चौक’ रखने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति सद्भावना दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
मुख्यमंत्री बनबसा स्थित एनएचपीसी हेलीपैड पहुंचे, जहां अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने नशामुक्त देवभूमि के संकल्प के साथ आयोजित सद्भावना दौड़ में हिस्सा लेने पहुंचे युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि युवा देश और प्रदेश का भविष्य हैं। नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित समाज का निर्माण किया जा सकता है। इसके बाद मुख्यमंत्री पाटनी तिराहे पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान हनुमान की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय हो गया। मुख्यमंत्री ने तिराहे का नाम ‘हनुमान चौक’ रखने की घोषणा करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीर सैनिकों की भूमि भी है। सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया गया है। प्रदेश में नकल-विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ी है। अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों की गति आगे भी जारी रहेगी।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर प्रसाद वितरित किया और लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने बुजुर्गों का आशीर्वाद भी लिया।
इस अवसर पर दर्जाधारी सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, किरण देवी, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, भाजपा जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा, नगरपालिका परिषद टनकपुर के विपिन कुमार, नगर पंचायत बनबसा अध्यक्ष रेखा देवी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, एसडीएम प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समूहों की महिलाएं, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
फोटो_ बनबसा में भगवान हनुमान की प्रतिमा का अनावरण करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।



