चंपावत: दुःखद जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के निधन से पत्रकार जगत में शोक।

Share This Post

सहज, मिलनसार और पत्रकारों के हितैषी अधिकारी के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे।

चंपावत/हल्द्वानी। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन से पत्रकारिता जगत, सूचना विभाग और प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,जिलाधिकारी मनीष कुमार, एसपी रेखा यादव, जिला सूचना अधिकारी अनुज कुमार, दर्जा राज्यमंत्री श्याम नारायण पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे समेत जिले के सभी पत्रकारों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। सभी ने जोशी के सहज, सरल और मिलनसार व्यक्तित्व को याद करते हुए उनके निधन को पत्रकारिता और सूचना विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

गिरिजा शंकर जोशी अपने सरल, सहज, मिलनसार और सहयोगी व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। पत्रकारों के साथ उनका हमेशा आत्मीय व्यवहार रहा और पत्रकारों से जुड़े कार्यों में वह सहजता से सहयोग करते थे। हल्द्वानी में नए मीडिया सेंटर की नींव और पत्रकारों के लिए प्रस्तावित गेस्ट हाउस जैसी पहल उनके कार्यकाल की उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल रही।

निधन की खबर मिलते ही सभी ने उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
गिरिजा शंकर जोशी अपने पीछे पत्नी निशा जोशी, पुत्र ओंकार जोशी और एक पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अंतिम शव यात्रा रविवार सुबह 9 बजे हल्द्वानी स्थित आवास से निकलेगी। इसके बाद चित्रशिला घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके आकस्मिक निधन से हर वह व्यक्ति गहरे दुख में है, जिसने उनके सहज और आत्मीय व्यवहार को करीब से महसूस किया।

फोटो_स्वर्गीय गिरजा शंकर जोशी।


Share This Post