चंपावत: छह विद्यालयों के विद्यार्थियों को मिले 11 वाहन, पैदल सफर से मिलेगी राहत।

Share This Post

विद्या वाहिनी अभियान के तहत दूरस्थ गांवों के बच्चों को सुविधा, पहले नौ विद्यालयों को मिल चुके हैं 16 वाहन।

चंपावत। पहाड़ी रास्तों पर कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल पहुंचने वाले विद्यार्थियों को अब राहत मिलेगी। विद्या वाहिनी अभियान के तहत जिले के छह विद्यालयों के विद्यार्थियों के आवागमन के लिए 11 वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। जिला खनिज फाउंडेशन न्यास से की गई इस व्यवस्था से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, खासकर बालिकाओं को लाभ मिलेगा। इससे पहले नौ विद्यालयों के लिए 16 वाहन उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जो नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चंपावत के संकल्प के तहत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए विद्यालय तक पहुंच आसान बनाना है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि वाहन सुविधा से बच्चों को लंबी दूरी पैदल तय करने की परेशानी से राहत मिलेगी। इससे विद्यालयों में नियमित उपस्थिति बढ़ाने और बालिकाओं की शिक्षा की निरंतरता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
खंड शिक्षा अधिकारी भारत जोशी ने बताया कि विद्यार्थियों की आवागमन संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विद्यालयवार वाहनों की व्यवस्था की गई है। इससे यात्रा में लगने वाला समय और थकान कम होगी तथा विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल सकेगा।

इन विद्यालयों को मिले वाहन_

पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत के लिए दो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। इनसे जैगांव-जैतौली, पल्सों, नघान और सुयालखर्क क्षेत्र के विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।

राजकीय इंटर कॉलेज ड्यूरी के लिए दो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुंदर सिंह बोहरा ने वाहनों को रवाना किया। इनसे हिडिंगा, अमौन और बड़ौन क्षेत्र के विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी।
राजकीय इंटर कॉलेज देवीधुरा और राजकीय इंटर कॉलेज मूलाकोट के लिए दो-दो वाहन दिए गए हैं। देवीधुरा में अर्नपा, तिमिलागूंठ और पीपलढींग तथा मूलाकोट में कजीना, पुनौली और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज खेतीखान के लिए एक वाहन उपलब्ध कराया गया है। मंडल अध्यक्ष बब्लू देव ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे नरसिंहडांडा क्षेत्र की बालिकाओं का विद्यालय तक आवागमन आसान होगा। वहीं, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दिगालीचौड़ के लिए दो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इनसे कोटसारी, पुण्डील और पनौली क्षेत्र के विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।

वाहन सुविधा मिलने पर विद्यार्थियों और अभिभावकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। विद्यार्थियों ने कहा कि पहले उन्हें रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय पहुंचना पड़ता था। इससे थकान होती थी और समय पर स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता था। अब वाहन सुविधा से सफर आसान होगा और पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल सकेगा।

फोटो_विद्या वाहिनी अभियान के तहत विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराए गए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते जनप्रतिनिधि।


Share This Post