चंपावत: देवीधुरा मेले की तैयारियों में जुटा प्रशासन, सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक डीएम ने कसी कमान।

Share This Post

23 अगस्त से 4 सितंबर तक आयोजित होगा ऐतिहासिक माँ बाराही धाम मेला, विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश।

चंपावत। ऐतिहासिक माँ बाराही धाम देवीधुरा मेले के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। बुधवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में 23 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक होने वाले मेले की तैयारियों का विभागवार आकलन किया गया। इस दौरान अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के सख्त निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि माँ बाराही धाम देवीधुरा मेला उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रमुख केंद्र है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, साफ-सफाई, अस्थायी शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।


जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को संपर्क मार्गों की मरम्मत, गड्ढों को भरने और दिशा-सूचक बोर्ड लगाने, स्वास्थ्य विभाग को अतिरिक्त चिकित्सकों, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार केंद्रों की व्यवस्था करने तथा जल संस्थान और विद्युत विभाग को निर्बाध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा आबकारी विभाग को एल्कोमीटर के माध्यम से सघन जांच अभियान चलाने और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मेला शुरू होने से पहले सभी विभाग स्थलीय निरीक्षण कर अपनी तैयारियां पूरी कर लें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, उपजिलाधिकारी नीतू डागर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मेला संयोजक मोहन सिंह बिष्ट, मेला सह-संयोजक जगदीश सिंघवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

फोटो_ माँ बाराही धाम देवीधुरा मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post