कोई भी पात्र मतदाता न छूटे, समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से हों सभी दावे-आपत्तियों का निस्तारण।
चंपावत। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विधानसभा क्षेत्र-55 चंपावत के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, कुलेठी स्थित सुनवाई केंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की प्रगति, अभिलेखों के रखरखाव और सुनवाई व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में सही एवं अद्यतन दर्ज करना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
डीएम ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम अभी तक मैप नहीं हो पाए हैं या जिनके विवरण में त्रुटियां हैं, उनके निराकरण के लिए सभी सुनवाई केंद्रों पर नियमित सुनवाई की जा रही है। बीएलओ, एईआरओ और संबंधित अधिकारी आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर मतदाताओं की मैपिंग और त्रुटियों का तत्काल सुधार कर रहे हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर निर्वाचक नामावली को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जाए। साथ ही सुनवाई केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि जिनके नाम अभी तक मैप नहीं हो पाए हैं या जिनके विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित सुनवाई केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते उनका नाम और विवरण अद्यतन किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी के.एन. गोस्वामी, उपजिलाधिकारी एवं ईआरओ बी.सी. पंत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह, डीएलएमटी नारायण सिंह तथा एईआरओ/तहसीलदार बृजमोहन आर्या सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो_ बूथ पर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में तेजी, डीएम मनीष कुमार ने बूथ पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं।
