चंपावत: दो वर्षीय बालिका के हाथों हुआ अत्याधुनिक पशु चिकित्सालय का उद्घाटन।

Share This Post

निरीह पशुओं की सेवा सबसे बड़ा मानव धर्म- जिलाधिकारी।

लोहाघाट। नगर से लगभग दो किलोमीटर दूर जोड़ियां स्थित पुराने एनएच कार्यालय परिसर में डॉ. एल.डी. भट्ट मेमोरियल वेटरनरी फाउंडेशन द्वारा संचालित अत्याधुनिक पशु चिकित्सालय का बुधवार को शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उद्घाटन स्वयं करने के बजाय दो वर्षीय बालिका विधि के हाथों फीता कटवाकर “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पशु-पक्षी और निरीह जीव भी ईश्वर की अनमोल रचना हैं। जो व्यक्ति उनकी पीड़ा को समझकर उनकी सेवा करता है, उससे बड़ा मानवतावादी कोई नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि जिले में इस आधुनिक पशु चिकित्सालय की स्थापना से लंबे समय से महसूस की जा रही एक बड़ी कमी दूर हुई है। साथ ही उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निराश्रित पशुओं की सुरक्षा और देखभाल के लिए भी प्रभावी व्यवस्था की जा रही है।
जिलाधिकारी ने इंग्लैंड स्थित एलोरा कंपनी के सीईओ राज भट्ट के सहयोग और निष्काम एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन के निदेशक किशोर बिष्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे कई वर्षों से पशु सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि डैंसली गांव में शीघ्र स्थापित होने वाली सरकारी पशुशाला का संचालन भी किशोर बिष्ट के सहयोग से किया जाएगा।
कार्यक्रम में निष्काम एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन के निदेशक किशोर बिष्ट ने कहा कि किसान परिवार से आने वाले जिलाधिकारी पशुओं के महत्व को भलीभांति समझते हैं। उन्होंने बताया कि राज भट्ट के सहयोग से स्थापित इस केंद्र में पशुओं की सर्जरी, टांके, विभिन्न प्रकार की जांचें आधुनिक मशीनों से की जाएंगी। इसके अलावा पशु एंबुलेंस की सुविधा, रेबीज सहित अन्य बीमारियों के टीकाकरण की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि अब लोगों को अपने पालतू और महंगे नस्ल के कुत्तों के इलाज के लिए बरेली या दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी, राज भट्ट के प्रतिनिधि राकेश भट्ट, अनीता बिष्ट, राजू गड़कोटी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

फोटो_दो वर्षीय बालिका “विधि” के हाथों अत्याधुनिक पशु चिकित्सालय का उद्घाटन कराते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post