चंपावत: धामी ही भरोसा, 2027 में भी चंपावत से चुनाव लड़ें मुख्यमंत्री-  तल्लादेश में गूंजी मांग।

Share This Post

“विकास की रफ्तार जारी रखने को धामी जरूरी”, दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति विश्वास।

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव में संभावित निर्वाचन क्षेत्र को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच चंपावत विधानसभा के दूरस्थ तल्लादेश क्षेत्र से उनके समर्थन में मजबूत जनभावना सामने आई है। तामली समेत तल्लादेश क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में मुख्यमंत्री धामी से आगामी विधानसभा चुनाव भी चंपावत से ही लड़ने की अपील की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद धामी ने सीमांत जिले चंपावत को विकास की नई दिशा दी है और यहां बदलाव धरातल पर दिखाई दे रहा है।
लोगों ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा उपचुनाव में चंपावत की जनता ने मुख्यमंत्री धामी को रिकॉर्ड मतों से ऐतिहासिक जीत दिलाकर अपना भरोसा जताया था। इसके बाद जिले में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में हुए कार्यों से जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है। उनका मानना है कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में चंपावत प्रदेश के विकास मानचित्र पर अलग पहचान बना रहा है।

तल्लादेश क्षेत्र के लोगों का कहना है कि लंबे समय से दुर्गम और पिछड़े माने जाने वाले इलाकों में अब विकास की नई उम्मीद दिखाई दे रही है। सड़क सुविधाओं के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, पर्यटन को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं की पहुंच से लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि विकास की इस गति को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री धामी का चंपावत से जुड़ाव जरूरी है।
जिला पंचायत सदस्य शैलेश जोशी और ग्राम प्रधान देवेंद्र जोशी समेत कई जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के कार्यकाल में तल्लादेश जैसे दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया गया है। उन्होंने कहा कि जनता अब विकास कार्यों को देखकर अपना विश्वास व्यक्त कर रही है और चाहती है कि वर्ष 2027 में भी मुख्यमंत्री चंपावत विधानसभा से ही चुनाव मैदान में उतरें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में चंपावत को आदर्श जिले के रूप में विकसित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल हुई हैं। इससे जिले के लोगों में नई उम्मीद जगी है और विकास को लेकर सकारात्मक माहौल बना है।
विश्व प्रसिद्ध गुरु गोरखनाथ तपोभूमि के महंत योगी रामनाथ महाराज ने भी मुख्यमंत्री धामी के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिला है। विकास की यह यात्रा लगातार जारी रहनी चाहिए, ताकि सीमांत चंपावत और अधिक मजबूत होकर उभर सके।
तल्लादेश क्षेत्र में मुख्यमंत्री धामी के प्रति यह समर्थन आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाओं के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वे विकास और निरंतर प्रगति के लिए मुख्यमंत्री धामी को चंपावत से ही मैदान में देखना चाहते हैं।

फोटो_ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।


Share This Post