

गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग की विशेष टीम तैनात, वनकर्मी कर रहे सघन गश्त; डीएफओ ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की
चंपावत। लोहाघाट के सुई गांव में 13 वर्षीय हर्षित पुजारी की गुलदार के हमले में मौत के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी और गश्त तेज कर दी है। गुलदार को पकड़ने के लिए पांच पिंजरे और करीब 15 कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। विशेष टीम 24 घंटे क्षेत्र में गश्त कर रही है, लेकिन गुलदार को पकड़ना वन विभाग के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है।
डीएफओ ढीनू पुरुषोत्तम ने बताया कि गुलदार की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उसे पकड़ने के लिए वन विभाग की विशेष टीम फील्ड में तैनात है। जिला प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर अभियान चलाया जा रहा है।

डीएफओ ने ग्रामीणों से शाम के समय जंगल से सटे और सुनसान रास्तों पर अकेले आवाजाही नहीं करने की अपील की है। घरों के आसपास झाड़ियों और घास की नियमित सफाई करने को भी कहा है।
सवाल अब भी कायम है कि मासूम की जान लेने वाला गुलदार कब पकड़ा जाएगा। ग्रामीणों में दहशत के बीच वन विभाग की कार्रवाई के नतीजों पर सबकी नजरें टिकी हैं।
फोटो_ढीनू पुरुषोत्तम,डीएफओ चंपावत।



