चंपावत: पूर्व छात्र मिलन में राष्ट्र निर्माण का संकल्प, अपनी जड़ों से जुड़कर समाज को दिशा देने का आह्वान

Share This Post

लोहाघाट में विद्या भारती का वार्षिक समारोह, सैकड़ों पूर्व छात्रों ने साझा कीं यादें; भावी पीढ़ी को मार्गदर्शन देने पर जोर

चंपावत। विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में रविवार को विद्या भारती से संबद्ध सरस्वती शिशु मंदिरों और विवेकानंद विद्या मंदिरों का वार्षिक पूर्व छात्र मिलन समारोह आयोजित हुआ। जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों पूर्व छात्र-छात्राओं ने पुरानी यादें ताजा करने के साथ राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. विजय पाल, मुख्य वक्ता विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री सुनील जी, अध्यक्षता कर रहे पूर्व छात्र डॉ. अमरलाल प्रबोधली और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य डॉ. चंद्रशेखर जोशी ने अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि डॉ. विजय पाल ने कहा कि मजबूत जड़ें ही वृक्ष को ऊंचाई देती हैं। इसी तरह विद्यालय से मिले संस्कार और शिक्षा ही पूर्व छात्रों की सफलता का आधार हैं। उन्होंने पूर्व छात्रों से अपनी उपलब्धियों को समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान और वर्तमान विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही पूर्व छात्र नेटवर्क बनाकर विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन देने पर जोर दिया।

मुख्य वक्ता सुनील जी ने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि संस्कारवान और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक तैयार करना है। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाकर उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन पूर्व छात्र दीपक जोशी ने किया। समारोह में ईश्वरी दत्त जोशी, सुरेशानंद जोशी, राजेंद्र चंद सहित विद्यालय के आचार्य, प्रबंधन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में पूर्व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

फोटो_पूर्व छात्र मिलन समारोह में मौजूद अतिथिगण।


Share This Post