चंपावत; खबरों की होड़ में पत्रकारिता के मूल्यों से समझौता नहीं, राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर सनसनीखेज पत्रकारिता पर मंथन

Share This Post

‘सनसनी या जिम्मेदारी’ के सवाल पर पत्रकारों ने रखे बेबाक विचार, बोले- तथ्य और निष्पक्षता ही मीडिया की असली ताकत।

चंपावत। खबरों की रफ्तार बढ़ी है, लेकिन क्या पत्रकारिता की विश्वसनीयता भी उसी रफ्तार से आगे बढ़ रही है? राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय सभागार में आयोजित विचार गोष्ठी में पत्रकारिता के सामने खड़े इसी अहम सवाल पर गंभीर चर्चा हुई। ‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर पत्रकारों ने स्पष्ट कहा कि खबरों की प्रतिस्पर्धा में सनसनी को प्राथमिकता देना पत्रकारिता के मूल उद्देश्य को कमजोर करता है।

वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल घटनाओं को दिखाने और खबरें प्रसारित करने का माध्यम नहीं, बल्कि सत्ता और व्यवस्था से सवाल पूछने, आम जनता की समस्याओं को आवाज देने और लोकतंत्र की जवाबदेही सुनिश्चित करने का सशक्त मंच है। डिजिटल दौर में सोशल मीडिया और त्वरित खबरों की बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच तथ्यों की पुष्टि, निष्पक्षता और नैतिक मर्यादाओं का पालन पहले से अधिक जरूरी हो गया है। पत्रकारिता की ताकत खबर की सनसनी में नहीं, बल्कि उसकी सच्चाई और विश्वसनीयता में है।

जिला सूचना अधिकारी अनुज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में उन्होंने पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक समन्वय से जनहित के कार्यों और सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलती है।

गोष्ठी का संचालन गिरीश बिष्ट ने किया। इस दौरान जिला पत्रकार संगठन के अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली, वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखर जोशी, दिनेश पांडे, राजीव मुरारी, हरीश पांडेय, बृजेश पांडे, जीवन बिष्ट और जीवन वर्ती सहित विभिन्न समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।
इस मौके पर अपर जिला सूचना अधिकारी आशा गोस्वामी, नवीन भट्ट, निकिता सहित सूचना विभाग के कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

फोटो_राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारिता की चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर विचार रखते पत्रकार।


Share This Post