

भाजपा संगठन के बड़े नेताओं की गैरमौजूदगी से उठे सवाल, 2027 के चुनाव से पहले पार्टी की अंदरूनी खींचतान आई सामने।
लोहाघाट। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने जन संकल्प रैली के जरिए लोहाघाट में अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। शीतला माता मंदिर से रामलीला मैदान तक निकली करीब एक किलोमीटर लंबी रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। रैली में उमड़ी भीड़ ने फर्त्याल के व्यक्तिगत जनाधार का अहसास कराया। वहीं भाजपा संगठन के प्रमुख नेताओं की गैरमौजूदगी ने पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को लेकर नई चर्चा छेड़ दी।
रैली में जिले के पांचों दर्जा प्राप्त मंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा जिलाध्यक्ष नजर नहीं आए। हालांकि लोहाघाट नगर पालिका और पाटी नगर पंचायत के अध्यक्ष ने रैली में भागीदारी की। संगठन के प्रमुख चेहरों की अनुपस्थिति को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। एक ओर फर्त्याल समर्थकों ने भीड़ जुटाकर अपनी ताकत दिखाई, वहीं दूसरी ओर भाजपा संगठन की दूरी ने पार्टी की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए।

रैली के बाद पूरन सिंह फर्त्याल ने जनता और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोगों ने जिस उत्साह और विश्वास के साथ रैली में भागीदारी की है, उससे उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। दावा किया कि जनता 2027 में उन्हें फिर विधानसभा पहुंचाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा जनता के बीच रहे हैं और आगे भी क्षेत्र के विकास तथा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे।
फर्त्याल ने कांग्रेस विधायक पर निशाना साधते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र की विकास संबंधी अपेक्षाएं पूरी नहीं हो पाई हैं। जनता अब घोषणाओं के बजाय विकास कार्यों का हिसाब चाहती है। उन्होंने अपने पूर्व विधायक कार्यकाल और वर्तमान कार्यकाल की तुलना करते हुए जनता से क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का आकलन करने की अपील की।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की गैरमौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल पर फर्त्याल ने कहा कि जनता सब समझ रही है। कौन उनके साथ खड़ा है और कौन दूरी बनाए हुए है, इसका फैसला जनता स्वयं करेगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक कारणों से दूरी बना रहे हैं, लेकिन इससे उनके अभियान पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
लोहाघाट में हुई इस रैली ने भाजपा की स्थानीय राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है। फर्त्याल ने जहां जनसमर्थन के जरिए 2027 की अपनी दावेदारी का संकेत दिया, वहीं संगठन के बड़े नेताओं की गैरमौजूदगी ने पार्टी के भीतर तालमेल की कमी उजागर कर दी। चुनाव से पहले भाजपा नेतृत्व के सामने अब संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने की चुनौती भी खड़ी होती दिख रही है।
क्लिप/फोटो_जन संकल्प रैली में समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल।



