चंपावत: पाटी नगर पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन तैयार, 9 जून को होगा मतदान।

Share This Post

2067 मतदाता चुनेंगे अपना अध्यक्ष और सभासद, चुनावी मैदान में तीन प्रत्याशी आमने-सामने।


लोहाघाट। नवसृजित नगर पंचायत पाटी के प्रथम नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन विभाग ने सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। रिटर्निंग ऑफिसर अजय सिंह ने मतदान कार्मिकों, पीठासीन अधिकारियों तथा सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ समन्वय स्थापित कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार पहले ही चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं कि निर्वाचन प्रक्रिया की गरिमा, निष्पक्षता और पारदर्शिता ही उनके कार्य मूल्यांकन का प्रमुख आधार होगी। रिटर्निंग ऑफिसर अजय सिंह के अनुसार नवगठित नगर पंचायत पाटी में कुल 2067 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। वहीं चार वार्डों में से दो वार्ड अनुसूचित जाति तथा दो वार्ड सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के नवीन राम, पार्वती देवी तथा निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। चुनाव प्रचार अपने चरम पर पहुंच चुका है और प्रत्याशी समर्थकों के साथ घर-घर संपर्क अभियान में जुटे हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 8 जून को ब्लॉक कार्यालय पाटी से मतदान कार्मिकों को चुनाव सामग्री वितरित की जाएगी, जबकि 9 जून को मतदान कराया जाएगा। अध्यक्ष पद के लिए गुलाबी रंग के मतपत्र तथा सभासद पद के लिए सफेद मतपत्र का उपयोग किया जाएगा।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक महिला कार्मिक सहित पांच मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है। निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिए दो सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र की इस नवसृजित नगर पंचायत में पहले चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान के बाद 11 जून को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। आरो के सभी मतदान से जुड़े कर्मियों को मतदान का गहन प्रशिक्षण दिया गया है तथा प्रत्याशीयों को चुनाव में होने वाले खर्च की भी जानकारी दी गई है। अलबत्ता चुनाव की हर प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है।

फोटो – रिटर्निंग ऑफिसर अजय सिंह।


Share This Post