

गुदमी में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र के लिए जमीन चयन अंतिम चरण में, स्थानीय युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर।
चंपावत। बनबसा में सिडकुल की स्थापना को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने एसडीएम प्रमोद कुमार के साथ गुदमी में प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के लिए जमीन की उपलब्धता, पहुंच मार्ग और स्थल की उपयुक्तता का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान भूमि के सीमांकन, एप्रोच रोड, पेड़ों के नियमानुसार प्रत्यारोपण और प्रस्तावित सिडकुल के लेआउट प्लान पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही भविष्य में औद्योगिक इकाइयों के विस्तार और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास की संभावनाएं भी तलाशी गईं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सिडकुल के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री की घोषणा को जल्द धरातल पर उतारने के लिए सभी जरूरी पहलुओं का परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से आवश्यक कार्रवाई तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए।
बनबसा में सिडकुल की स्थापना से जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे। साथ ही क्षेत्र में निवेश, उद्यमिता और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो_गुदमी में प्रस्तावित सिडकुल स्थल का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।



