चंपावत: भव्य कलश यात्रा के साथ मां पूर्णागिरि महोत्सव का आगाज, खूना बोहरा गांव में लौटी रौनक।

Share This Post

तीन दिन तक चलेगा धार्मिक आयोजन, मां के दर्शन और आशीर्वाद के लिए विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचने लगे बोहरा बंधु

चंपावत। लोहाघाट और चंपावत के मध्य स्थित खूना बोहरा गांव में तीन दिवसीय मां पूर्णागिरि महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव की शुरुआत मांगलिक परिधानों में सजी महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। मानेसर धाम से कलश लेकर निकली महिलाओं ने मां पूर्णागिरि के जयकारे लगाए और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। कलश यात्रा का समापन मां पूर्णागिरि मंदिर में हुआ। महोत्सव शुरू होते ही गांव में रौनक लौट आई है और विभिन्न स्थानों से बोहरा बंधुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।

विश्व प्रसिद्ध मानेश्वर धाम के समीप स्थित मां पूर्णागिरि मंदिर के प्रति खूना बोहरा गांव के लोगों की अटूट आस्था है। मान्यता है कि मां पूर्णागिरि ने श्रद्धालुओं को इसी स्थान पर आराधना कर आशीर्वाद प्राप्त करने का वरदान दिया था। जनसहयोग से यहां भव्य मंदिर का निर्माण किया गया है। इस स्थान से कैलाश मानसरोवर के दर्शन भी किए जा सकते हैं।

मानेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज ने कहा कि खूना बोहरा गांव के लोगों की मां पूर्णागिरि के प्रति गहरी आस्था और विश्वास है। यह स्थान भगवान शिव और माता पार्वती की कृपा से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के कारण विशेष महत्व रखता है।

प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता भय्यू बोहरा ने बताया कि मां पूर्णागिरि का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए विभिन्न स्थानों पर रहने वाले बोहरा समुदाय के लोग गांव पहुंचने लगे हैं। तीन दिन तक चलने वाले महोत्सव में श्रद्धालु परंपरागत रूप से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है।

महोत्सव के आयोजन में हयात सिंह बोहरा, गोपाल सिंह, हरीश बोरा, नवीन बोहरा, दिनेश बोहरा, कैलाश बोहरा, हिम्मत बोहरा, तिलक राज सिंह, प्रेम सिंह, सुरेश बोहरा, रमेश बोहरा, राकेश बोहरा, पंकज, रितेश, हिमांशु, आयुष, मंटू, अमर सिंह, रोहित, महेंद्र लाल सिंह सहित अनेक महिला-पुरुष श्रद्धालु जुटे हुए हैं।

फोटो_मां पूर्णागिरि महोत्सव के शुभारंभ पर कलश यात्रा निकालतीं खूना बोहरा गांव की श्रद्धालु महिलाएं।


Share This Post