

शोभा जोशी के सिर सजा ‘तीज क्वीन’ का ताज, पुलिस परिवार की महिलाओं ने नृत्य, रैम्प वॉक और क्विज में दिखाई प्रतिभा।
चंपावत। पुलिस लाइन चंपावत में हरियाली तीज का पर्व संस्कृति, सौहार्द और उमंग के साथ मनाया गया। पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों के लिए आयोजित महोत्सव में कुमाऊंनी संस्कृति और परंपराओं की छटा के साथ महिला प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रेखा यादव एवं क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिविल जज सीनियर डिविजन चंपावत रश्मि गोयल, उपजिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर, जिला अभियोजन अधिकारी तनुजा वर्मा और आईबी चंपावत की सोनिका सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का स्वागत कुमाऊंनी रीति-रिवाज और पारंपरिक अंदाज में किया गया।
हरियाली तीज के रंग में रंगी पुलिस परिवार की महिलाओं ने एकल एवं सामूहिक नृत्य, रैम्प वॉक और क्विज प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने कार्यक्रम में कुमाऊंनी संस्कृति की खूबसूरत झलक पेश की।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता रही। प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर निर्णायक मंडल ने शोभा जोशी को तीज क्वीन चुना। उन्हें ताज पहनाकर सम्मानित किया गया।
एकल नृत्य में पूनम गर्ब्याल प्रथम, नीतू द्वितीय और दलजीत कौर तृतीय रहीं। क्विज प्रतियोगिता में सुनीता भट्टा ने प्रथम, साबिया अंसारी ने द्वितीय और सुनीता यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रैम्प वॉक में भावना गहतोड़ी प्रथम, शकुन्तला द्वितीय और पूजा गोस्वामी तृतीय स्थान पर रहीं।
विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों ने उपहार एवं सम्मान प्रदान कर उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में मौजूद विशिष्ट अतिथियों को भी स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
हरियाली तीज महोत्सव ने पुलिस परिवार में आपसी मेलजोल और सौहार्द को मजबूत करने के साथ ही कुमाऊं की लोकसंस्कृति, परंपरा और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिलाएं, बच्चे तथा पुलिस की महिला अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो_पुलिस लाइन चंपावत में आयोजित हरियाली तीज महोत्सव में प्रतिभाग करतीं पुलिस परिवार की महिलाएं।




