

दिगालीचौड़/लोहाघाट । महिला समूहों की मेहनत, सामूहिक प्रयास और स्वरोजगार की दिशा में बढ़ते कदमों का असर अब सहकारिता के कारोबार में भी दिखाई देने लगा है। लोहाघाट विकासखंड के दिगालीचौड़ में ग्रामोत्थान परियोजना एवं यूएसआरएलएम के सहयोग से संचालित प्रेरणा महिला स्वायत्त सहकारिता की तृतीय वार्षिक आम सभा में इस वर्ष शेयरधारकों को 45,240 रुपये का लाभांश वितरित करने का निर्णय लिया गया।
बबीता भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित सभा में सहकारिता की वार्षिक गतिविधियों, उपलब्धियों और वित्तीय प्रगति का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। अध्यक्ष बबीता भट्ट और समन्वयक विनीत पाटनी ने शेयरधारकों का स्वागत करते हुए सहकारिता की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।
बीएमएम लोहाघाट मुशीर अहमद ने पदाधिकारियों एवं सदस्यों को जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया तथा पद की शपथ दिलाई। बिजनेस प्रमोटर ललित भट्ट ने सहकारिता के व्यवसायिक टर्नओवर और वित्तीय स्थिति की जानकारी साझा की।
ग्रामोत्थान के सहायक प्रबंधक प्रकाश पाठक ने स्वायत्त सहकारिता अधिनियम के तहत वार्षिक आम सभा की प्रक्रिया एवं संचालन में मार्गदर्शन दिया। सभा में ग्रामोत्थान, रीप ब्लॉक, आईपीआरपी, हरेश्वर एफपीओ और प्रेरणा सहकारिता के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
सामूहिक भागीदारी की तस्वीर बनी सभा, जिसमें 145 शेयरधारकों एवं समूह सदस्यों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन ललित भट्ट ने किया।
फोटो_दिगालीचौड़ में प्रेरणा महिला स्वायत्त सहकारिता की तृतीय वार्षिक आम सभा में मौजूद शेयरधारक एवं समूह सदस्य।




