चंपावत: महाकाली तट पर 23 नवंबर को जुटेगा आस्था का सैलाब, रातभर गूंजेंगे देवताओं के जयकारे।

Share This Post

नगरूंघाट मेले में चार देवरथ और कई देव जत्थे करेंगे परिक्रमा, नशामुक्त आयोजन के साथ दिखेगी पहाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति।

चंपावत। भारत-नेपाल सीमा से लगे लोहाघाट विकासखंड की पासम ग्राम पंचायत स्थित नागार्जुन बाबा मंदिर नगरूंघाट में 23 नवंबर की रात बैकुण्ठ चतुर्दशी पर पारंपरिक मेले का आयोजन होगा। महाकाली नदी के तट पर लगने वाले इस मेले में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से देवरथ और देव जत्थे पहुंचेंगे। रातभर मंदिर की परिक्रमा के बाद 24 नवंबर की सुबह देवताओं को महाकार्तिकी पूर्णिमा का स्नान कराया जाएगा।

मेले में सल्टा, बगोटी और जमरसों गांवों के चार देवरथ शामिल होंगे। इसके अलावा मजपीपल, लेटी, पासम, डुमडाई, देवकुंडा और सुनकुरी गांवों के देव जत्थे भी मंदिर की परिक्रमा करेंगे। धार्मिक आयोजनों के साथ भव्य गंगा आरती, भजन-कीर्तन और झोड़ा गायन भी होगा। खटीमा और गुमदेश क्षेत्र की भजन मंडलियां प्रस्तुति देंगी, जबकि लोहाघाट के श्रद्धालु झोड़ा गायन करेंगे।

मेले के आयोजन को लेकर मंदिर एवं मेला समिति की बैठक हुई। इसमें बिजली, पानी और सड़क सहित जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। समिति ने इस बार मेले को पूरी तरह नशामुक्त रखने पर जोर दिया है। अध्यक्ष जगदीश कलौनी और सचिव कमल बोहरा ने बताया कि मेले की तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन के दौरान विभिन्न समाजसेवियों का अतिथि के रूप में स्वागत भी किया जाएगा।

बैठक में कोषाध्यक्ष रमेश चंद, मेला प्रभारी विक्रम सिंह सामंत, ग्राम प्रधान चंद्रकांत तिवारी सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

फोटो_महाकाली नदी तट पर पहाड़ों के बीच स्थित नगरूंघाट का नागार्जुन बाबा मंदिर।


Share This Post